हरदा। नगर की श्री दिगम्बर जैन समाज के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का समय चल रहा है जिसमें समाज को लगातार दो सप्ताह से साधु संतों का सान्निध्य प्राप्त हो रहा है। गत दिवस जहाँ आर्यिकाश्री 105 विज्ञानमती माताजी ससंघ का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ था तो अभी दो दिनों से परम पूज्य उच्चारण आचार्यश्री 108 विनम्र सागर जी महाराज के परम प्रभावी शिष्य पूज्य मुनिश्री 108 विनंद सागर जी महाराज ससंघ का पावन सान्निध्य प्राप्त हो रहा है। इस अवसर को समाजजन अपने लिए सौभाग्य और पुण्य अर्जित करने का श्रेष्ठ अवसर मान रहे हैं। मुनिश्री नगर के चारों जैन मंदिरों से जुड़ी समाज को गत तीन दिनों से धर्म पथ का आलौकिक ज्ञान का मार्ग दिखा रहे है ।
जैन समाज के कोषाध्यक्ष राजीव जैन ने बताया कि मुनिश्री विनंद सागर जी महाराज प्रतिदिन सुबह 9.00 बजे जीवन में धर्म ओर उसका प्रभाव विषय पर प्रवचन से उपस्थित श्रावकों को धर्म का ज्ञान करवा रहे है वहीं दोपहर 3:00 बजे स्वाध्याय आनंदम से श्रावकों को लाभान्वित करते हुए धर्म का मार्ग बताते है । इसके पश्चात शाम 6:00 बजे गुरु भक्ति का कार्यक्रम आयोजित होता है ।
दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने समस्त समाजबंधुओं, माताओं, बहनों एवं युवा साथियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित करने तथा आयोजन व्यवस्था में सहयोग प्रदान करने का विनम्र आग्रह किया गया है। इस आध्यात्मिक आयोजन को लेकर पूरे नगर की दिगम्बर जैन समाज में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना हुआ है।

0 टिप्पणियाँ