हरदा। भारतीय किसान संघ, जिला हरदा द्वारा मूंग खरीदी की मांग को लेकर जारी अनिश्चितकालीन धरने के दसवें दिन किसानों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने रैली निकालकर 1 क्विंटल 20 किलो मूंग सिर पर रखकर कलेक्ट्रेट पहुंची और अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) अशोक ढेहरिया को यह कहते हुए मूंग सौंपी कि इसे मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराया जाए।
किसानों ने मूंग जमा करने की आधिकारिक रसीद की मांग की। प्रारंभ में प्रशासन की ओर से मंडी सचिव के माध्यम से रसीद उपलब्ध कराई गई, जिसे भारतीय किसान संघ ने स्वीकार नहीं किया और वापस कर दिया। इसके बाद एसडीएम कार्यालय द्वारा अलग से रसीद जारी की गई, जिसे किसानों ने प्राप्त किया।
इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों की जायज मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। संघ ने आरोप लगाया कि पूर्व में रक्तदान शिविर के लिए ब्लड वैन उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण 100 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह का नुकसान हुआ था। किसानों ने कहा कि उनकी मांग केवल पारदर्शिता और उचित कार्रवाई की है।
भारतीय किसान संघ ने स्पष्ट किया कि मूंग खरीदी शुरू होने तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। संगठन ने घोषणा की कि धरने के 11वें दिन किसान हंडिया पहुंचकर जल सत्याग्रह करेंगे और मांगें पूरी होने तक आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।

0 टिप्पणियाँ