Hot Posts

6/recent/ticker-posts

वैश्य समाज युवा इकाई ने आजाद की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, मनाई जयंती

● चन्द्रशेखर आजाद की जयंती पर वैश्य समाज युवा इकाई ने आजाद की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

● अमर शहीद ज्योति पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को याद किया

● स्वदेशी अपनाओ की मुहिम चलाने किया लोगों को जागरूक

हरदा – वैश्य समाज युवा इकाई द्वारा अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद की जयंती पर नगरपालिका परिसर स्थित अमर शहीद गैलरी में आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अमर शहीद ज्योति पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को याद किया। उक्त जानकारी देते हुए वैश्य समाज युवा इकाई हरदा के जिलाध्यक्ष राजीव जैन ने बताया कि युवा इकाई द्वारा मध्यप्रदेश में अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद की जयंती पर आज 23 जुलाई को “स्वदेशी अपनाएं” मुहिम प्रारंभ की है ।

राजीव जैन ने बताया कि युवा ईकाई के प्रदेशाध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ‘प्रिंस’ के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती पर स्वदेशी अपनाएं मुहिम चलाई जा रही है । इसी तारतम्य में हरदा ज़िले में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसके तहत आज 23 जुलाई को चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती पर नगर पालिका स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित एक सादे समारोह में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद जी की प्रतिमा पर पुष्पाहार अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा अमर शहीद ज्योति पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया गया।

कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित वैश्य समाज महासम्मेलन के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र जैन ने अपने सम्बोधन में देश की आज़ादी के लिए प्राणोत्सर्ग करने वाले क्रांतिकारी शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की उन्होनें कहा कि वक्त आ गया है कि अब हम सब मिलकर स्वदेशी उत्पाद का ही उपयोग करें । स्वदेशी अपनाएं एवं लोकल के लिए वोकल बने, विदेशी वस्तुओं, विशेषकर चीनी वस्तुओं का बहिष्कार करें, ताकि भारत को एक समृद्धशाली राष्ट्र बनाने में हमारा भी योगदान हो ।

इस दौरान उपस्थित समाज के सभी वर्गों को स्वदेशी की महत्ता और आवश्यकता के प्रति जागरूक कर उन्हें देश के आर्थिक विकास में अपना योगदान देने की अपील की गई। उन्होंने बताया कि कोरोना संकटकाल में शासन के निर्देशों को ध्यान में रखते हुए समारोह में सदस्यों की संख्या सीमित रखी गई थी तथा सभी सदस्यों से अनुरोध किया गया कि जो जहां है वहीं से वैश्य महासम्मेलन की इस मुहिम में अपना योगदान देवें। इस अवसर पर वैश्य समाज के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र जैन, युवा इकाई जिलाध्यक्ष राजीव जैन, संजय पाटनी, विशाल जैन, कपिल अग्रवाल के साथ ही नगर के गणमान्य नागरिक अशोक राठौर, धर्मेंद्र पटेल, लोकेश मराठा आदि उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About