टिमरनी में आक्रोश, बजरंग दल का प्रदर्शन, आरोपियों की तलाश तेज
हरदा । जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां अज्ञात बदमाशों ने अमानवीय कृत्य करते हुए गंजालेश्वर आश्रम से पांच गोवंशीय पशुओं को चोरी कर उन्हें रेलवे ट्रैक पर बांध दिया। इस घटना में ट्रेन की चपेट में आने से सभी पांच गायों की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। रविवार सुबह जब छिदगांव मेल क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास लोगों की नजर पड़ी, तो वहां पांच गायों के शव पड़े हुए मिले। इस दृश्य को देखकर क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया।
टिमरनी थाना प्रभारी मुकेश गौड़ के अनुसार, अज्ञात चोरों ने पहले आश्रम से मवेशियों को चोरी किया और फिर उन्हें रस्सियों से रेलवे ट्रैक पर बांध दिया। बंधे होने के कारण वे खुद को छुड़ा नहीं सके और तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी मुकेश गौड़ पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश तेज कर दी गई है। प्रशासन से एसडीएम, पटवारी मौके पर पहुंचे ।
इधर, इस घटना के बाद सामाजिक और धार्मिक संगठनों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज की संवेदनाओं को भी आहत करती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में आरोपियों की तलाश जारी है।


0 टिप्पणियाँ