Hot Posts

6/recent/ticker-posts

जनसुनवाई में गूंजीं आमजन की समस्याएं: रास्ता, अतिक्रमण, भूमि नक्शा और बिजली बिल पर कलेक्टर सख्त


हरदा | जिला मुख्यालय में आज मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने जिला पंचायत सभाकक्ष में आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

खेत तक रास्ता न होने से परेशान किसान

ग्राम कुड़ावा निवासी रघुवीर राजपूत ने आवेदन देकर बताया कि उनके खेत तक पहुंचने के लिए कोई रास्ता नहीं है, जिससे खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार खिरकिया को मौके पर जांच कर शीघ्र रास्ता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

आम रास्ते पर अतिक्रमण से बढ़ी परेशानी

खिरकिया के वार्ड क्रमांक 1 के स्थानीय नागरिकों ने शिकायत की कि आम रास्ते पर अवैध अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार को जांच कर अतिक्रमण हटाने और मार्ग को मुक्त कराने के निर्देश दिए।

भूमि नक्शे में त्रुटि से राजस्व कार्य प्रभावित

टिमरनी निवासी अशोक कुमार बिल्लोरे ने अपनी भूमि के नक्शे में त्रुटि होने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि गलत नक्शे के कारण उन्हें राजस्व संबंधी कार्यों में दिक्कतें आ रही हैं। कलेक्टर ने एसडीएम टिमरनी को नक्शा दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

अधिक बिजली बिल की शिकायत

हरदा निवासी संतोषीबाई ने बिजली बिल अत्यधिक आने की शिकायत करते हुए कहा कि खपत कम होने के बावजूद बिल ज्यादा आ रहा है। इस पर कलेक्टर ने मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी के अधिकारियों को जांच कर सही बिल जारी करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ जनसुनवाई आयोजन

इस जनसुनवाई में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ जोनाथन, अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर रजनी वर्मा, एसडीएम खिरकिया शिवांगी बघेल सहित अन्य जिला अधिकारी मौजूद रहे। सभी मामलों के त्वरित और प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About