Hot Posts

6/recent/ticker-posts

थप्पड़ के विवाद ने ली जान : पिता को मारा थप्पड़, बेटे ने किया विरोध… गुस्से में युवक ने घोंप दी छुरी, 7 दिन बाद मौत; हत्या का आरोपी गिरफ्तार


हरदा/टिमरनी। मामूली विवाद ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। पिता को थप्पड़ मारने का विरोध करना 22 वर्षीय युवक पवन को इतना भारी पड़ा कि उसे अपनी जान गंवानी पड़ी। इस सनसनीखेज हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी विशाल कुचबंदिया को पुलिस ने आखिरकार घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।

एसडीओपी आकांक्षा तलया ने बताया कि घटना 8 मई की रात करीब 9 बजे की है। वार्ड क्रमांक 1 लाइन पार निवासी सुभाष गौर के घर के सामने 19 वर्षीय विशाल शराब के नशे में पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान उसने सुभाष को थप्पड़ मार दिया।

पिता के साथ बदसलूकी होते देख बेटा पवन घर से बाहर आया और विशाल से पूछा कि उसने उसके पिता को थप्पड़ क्यों मारा। बस इतनी सी बात पर आरोपी आगबबूला हो गया और गालियां देते हुए पवन के पेट में छुरी घोंप दी। हमले में पवन गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायल पवन को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान 12 मई को पवन ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा बढ़ाते हुए आरोपी विशाल पर बीएनएस की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया।

घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। आखिरकार 15 मई को पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और गम का माहौल था। वहीं युवक की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About