Hot Posts

6/recent/ticker-posts

राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा के बयान पर भड़का बिश्नोई समाज, पीएम के नाम सौंपा ज्ञापन; बिना शर्त माफी की मांग


हरदा। राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा द्वारा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भजनलाल विश्नोई पर की गई कथित विवादित टिप्पणी को लेकर हरदा में बिश्नोई समाज का गुस्सा फूट पड़ा। समाज के लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और सांसद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

समाज के प्रतिनिधियों ने अपर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रशासन के माध्यम से केंद्र सरकार तक अपनी आपत्ति दर्ज कराई। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे और उन्होंने सांसद के बयान को समाज की अस्मिता पर हमला बताया।

बिश्नोई समाज के प्रतिनिधि लक्ष्मीनारायण पंवार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भजनलाल विश्नोई एक लोकप्रिय और सम्मानित जननेता थे, जिन्होंने समाज और प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। ऐसे व्यक्तित्व पर अभद्र टिप्पणी करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला भी है।

समाज ने मांग की है कि राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगें, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समाज प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन करेगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान समाज के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि समाज अपने सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं करेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About