हरदा। शहर में हफ्ता वसूली और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस ने ऐसा एक्शन लिया, जिसकी पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। दिव्यांग किराना दुकानदार से मारपीट और धमकी देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न सिर्फ उनका जुलूस निकाला, बल्कि सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक लगवाकर सख्त संदेश भी दिया कि कानून हाथ में लेने वालों की अब खैर नहीं।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के टंकी मोहल्ले का है, जहां दिव्यांग दुकानदार गोविंद जायसवाल को आरोपी कपिल और विकास लंबे समय से हफ्ता देने के लिए परेशान कर रहे थे। जब दुकानदार ने रुपए देने से इनकार किया तो दोनों आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित की शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी आर.एस. तिवारी ने तुरंत मोर्चा संभाला और पुलिस टीम के साथ दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों को सीधे घटना स्थल पर लेकर पहुंची, जहां उनसे दिव्यांग दुकानदार से माफी मंगवाई गई।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का इलाके में जुलूस निकाला और उठक-बैठक लगवाकर साफ संदेश दिया कि हरदा में अब गुंडागर्दी नहीं चलेगी। पुलिस की इस कार्रवाई को देखकर इलाके के लोगों ने राहत महसूस की, वहीं असामाजिक तत्वों में दहशत का माहौल बन गया। सिविल लाइन पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने यह साबित कर दिया कि अपराध करने वालों को अब सीधे कानून का सामना करना पड़ेगा।

0 टिप्पणियाँ