थाना प्रभारी टिमरनी ने बताया कि सुहागपुर गांव के समीप स्थित खेतों में मोटर पर लगे केबल वायर चोरी होने की शिकायत फरियादी अभिषेक पिता रेवाशंकर जाट द्वारा दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर थाना टिमरनी में अपराध क्रमांक 306/26 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी द्वारा विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मुखबिर तंत्र एवं साइबर सेल हरदा की सहायता से पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सोहन पिता अशोक तारले (32 वर्ष) एवं एक बाल अपचारी, दोनों निवासी मनियाखेड़ी थाना टिमरनी जिला हरदा, को हिरासत में लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए चोरी किए गए सामान के संबंध में जानकारी दी। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने उनके बताए स्थान से करीब 30 फीट केबल वायर, 600 फीट वायर तथा चोरी की वारदात में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल को विधिवत जप्त किया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों से थाना क्षेत्र के अन्य चोरी के मामलों के संबंध में भी लगातार पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का किसी अन्य चोरी की घटनाओं में भी हाथ तो नहीं है। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस को अन्य महत्वपूर्ण खुलासों की भी उम्मीद है।
थाना टिमरनी पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।

0 टिप्पणियाँ