हरदा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हरदा नगर इकाई ने शुक्रवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव कर नगर के विभिन्न स्कूलों में व्याप्त अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
एबीवीपी ने ज्ञापन में मांग की कि प्रत्येक स्कूल में छात्राओं के लिए सैनिटरी पैड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, स्कूल परिसर एवं प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, स्कूल बसों में महिला स्टाफ की नियुक्ति हो, जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत कराई जाए, बसों में फायर सेफ्टी की समुचित व्यवस्था और वैध परमिट अनिवार्य किया जाए तथा प्रत्येक स्कूल में स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
परिषद ने यह भी मांग की कि अभिभावकों को किसी एक दुकान से ही पुस्तकें और कॉपियां खरीदने के लिए बाध्य न किया जाए तथा अतिरिक्त शुल्क वसूली पर रोक लगाई जाए। नगर मंत्री शुभम शर्मा ने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर इन मांगों पर प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस अवसर पर कार्यकर्ता दानिश बिल्लौरे, जिला संयोजिका लिशिका, प्रद्युम्न, रुद्र, विकास, सौम्या, सरिता, अपेक्षा, प्रियांशु, निहाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ