हरदा : जाम्भाणी साहित्य अकादमी बीकानेर के तत्वावधान में देशभर में संस्कार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश के लिए यह शिविर 25 मई से 29 मई तक नेमावर स्थित श्रीविश्नोई आश्रम में आयोजित किया जाएगा। शिविर में विश्नोई समाज के 10 से 16 वर्ष के बालकों को शिविर में आवासीय सुविधा भी दी जाएगी।
शिविर के प्रभारी कैलाश गोदारा व सह प्रभारी उमेश बेनीवाल ने बताया कि शिविर में सौ बच्चों काे शामिल करने का लक्ष्य है। मंगलवार तक कुल 25 बच्चों को पंजीयन हो चुका है। पांच दिवसीय शिविर पूर्ण आवासीय है, जिसमें जाम्भाणी साहित्य अकादमी बीकानेर से दो शिक्षक आएंगे, जो पांचों दिन शिविर में सेवाएं देंगे। साथ ही अकादमी की ओर से ही बच्चों को पठन पाठन सामग्री भी निश्शुल्क दी जाएगी।
शिविर के संयोजक स्वामी आत्मानंद महाराज नेमावर ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य श्रीगुरु जम्भेश्वर भगवान द्वारा प्रदत्त वाणी और विश्नोई साहित्य का बाल्यकाल में ही अध्ययन कराना है, बच्चों को पूरी जिंदगी काम आएंगे। शिविर में अधिक से अधिक बच्चों को शामिल करने अभिभावकों से संपर्क किया जा रहा है। बच्चों के आनलाइन और आफ लाइन दोनों प्रकार से पंजीयन की प्रक्रिया जारी है। गांवों में घर घर जाकर पंजीयन किए जा रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ