हरदा। जिला मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों ने सड़क, बिजली, पानी, आवास, फसल मुआवजा, खाद और भूमि अधिग्रहण मुआवजा जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने जिला पंचायत सभाकक्ष में लोगों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में टिमरनी के वार्ड क्रमांक-3 जोशी नगर के रहवासियों ने कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट, पेयजल, बाउंड्रीवाल की व्यवस्था कराने तथा चोरी और असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर रोक लगाने की मांग की। कलेक्टर ने इस मामले में एसडीएम टिमरनी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम तजपुरा के भीमसिंह राजपूत ने फार्मर आईडी नहीं बनने की शिकायत दर्ज कराई, जबकि ग्राम चारखेड़ा के रामबिलास आंजने ने सोयाबीन फसल का मुआवजा नहीं मिलने की समस्या बताई। दोनों मामलों में तहसीलदार टिमरनी को जांच कर समाधान करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम हीरापुर के प्रदीप तिवारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए अधिग्रहित कृषि भूमि का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। वहीं हरदा निवासी क्षमा कड़ोले ने अत्यधिक बिजली बिल आने की समस्या रखी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को दोनों मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अलावा ग्राम आदमपुर की दौलीबाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने, जबकि ग्राम बैड़ी के हुकुमचंद जाट ने ई-टोकन के बावजूद खाद नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इन मामलों में भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ जोनाथन, अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा अशोक डहेरिया, एसडीएम खिरकिया शिवांगी बघेल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ