Hot Posts

6/recent/ticker-posts

वट सावित्री पूर्णिमा पर महिलाओं ने की वटवृक्ष की पूजा, अखंड सौभाग्य की कामना


रहटगांव। नगर स्थित सिद्ध श्रीखेड़ापति माता मंदिर परिसर में वट सावित्री पूर्णिमा के अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ वटवृक्ष की पूजा-अर्चना की। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं मंदिर पहुंचीं और विधि-विधान से व्रत एवं पूजन संपन्न किया।

महिलाओं ने वटवृक्ष पर हल्दी, कुमकुम और सिंदूर अर्पित किया तथा भीगे हुए चने, फल एवं मिठाई का भोग लगाया। इसके बाद कच्चा सूत और कलावा लपेटते हुए वटवृक्ष की 108 परिक्रमा कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, अखंड सौभाग्य और पति की दीर्घायु की कामना की।

इस अवसर पर पंडित सुनील शर्मा ने बताया कि वट सावित्री पूर्णिमा व्रत सुहागिन महिलाएं ज्येष्ठ मास की पूर्णिमा पर अखंड सौभाग्य, सुखी दांपत्य जीवन और पति की लंबी आयु की कामना के लिए रखती हैं। उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार वट (बरगद) वृक्ष में ब्रह्मा, विष्णु और महेश तीनों देवताओं का वास माना जाता है, इसलिए इस दिन वटवृक्ष की पूजा का विशेष महत्व है।

पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर परिवार के मंगल एवं खुशहाली की प्रार्थना की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About